MS Dhoni कई दिनों तक IPL 2026 से बाहर, नहीं खेल पाएंगे CSK के इतने मैच

Sanjeev Kumar

khelja|28-03-2026

आईपीएल 2026 जिस दिन शुरू हो रहा है, उसी दिन फैंस को एक बुरी खबर मिली है. चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, धोनी चोट के कारण आईपीएल 2026 के शुरुआती 2 हफ्तों तक नहीं खेल पाएंगे और इसके चलते CSK को उनके बिना ही मैदान पर उतरना पड़ेगा. चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शनिवार 28 मार्च की सुबह एक आधिकारिक बयान जारी किया गया, जिसमें धोनी की चोट की जानकारी दी गई.

CSK की ओर से एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया है, “एमएस धोनी फिलहाल काफ स्ट्रेन (पिंडली में खिंचाव) की परेशानी के कारण रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं.

इसके चलते वो आईपीएल 2026 से 2 हफ्तों तक बाहर रह सकते हैं.” धोनी की चोट ने CSK और इसके फैंस को बड़ा झटका दिया है क्योंकि धोनी सिर्फ पहले मैच में ही नहीं, बल्कि अगले 2 हफ्तों तक CSK के हर मैच से बाहर रहेंगे.

अगर धोनी पूरे 2 हफ्ते यानि 14 दिन तक बाहर रहते हैं तो वो कम से कम 3 मैच नहीं खेल पाएंगे. CSK का पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है. इसके बाद उसका अगला मैच 3 अप्रैल को चेन्नई में ही पंजाब किंग्स के खिलाफ है. टीम अपना तीसरा मैच 5 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उसके ही घर में खेलेगी, जिसका हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. धोनी इन तीनों ही मैच से बाहर रह सकते हैं. उनकी वापसी 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में हो सकती है.

(ये ब्रेकिंग न्यूज है, खबर अपडेट हो रही है)